छत्तीसगढ़

पहली बारिश में तीन वार्ड जलमग्न, पार्षद सुमन मेश्राम ने किया निरीक्षण

सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला क्षेत्र में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, निगम प्रशासन से तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग

पहली बारिश में तीन वार्ड जलमग्न, पार्षद सुमन मेश्राम ने किया निरीक्षण

 

सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला क्षेत्र में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, निगम प्रशासन से तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग

 

धमतरी। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर निगम क्षेत्र के सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला वार्ड में जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है। कई स्थानों पर नालियों का पानी घरों में घुस जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू सामान खराब होने के साथ-साथ जलजनित बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।

 

स्थिति का जायजा लेने कांग्रेस पार्षद सुमन मेश्राम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। उन्होंने जलमग्न गलियों और बस्तियों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, नालियों की सफाई और राहत कार्यों की स्थिति का भी अवलोकन किया।

 

पार्षद सुमन मेश्राम ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में तीन वार्डों का जलमग्न हो जाना इन दावों की वास्तविकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि सोरिद मार्ग, जिसका हाल ही में सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार स्व. त्रिभुवन पांडे के नाम पर नामकरण किया गया है, उसके आसपास का क्षेत्र भी जलभराव से प्रभावित है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाती, तो ऐसी स्थिति निर्मित नहीं होती। उनके अनुसार कई स्थानों पर नालियां जाम हैं, जिससे बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पा रहा और वह घरों में प्रवेश कर रहा है।

 

पार्षद सुमन मेश्राम ने महापौर से आग्रह किया कि वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नागरिकों की समस्याओं को देखें और तत्काल राहत कार्यों के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि जलभराव से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल मोटर पंप लगाकर पानी निकाला जाए, नालियों की सफाई कराई जाए, दवा एवं कीटनाशक का छिड़काव किया जाए, प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा हुए नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए।

 

पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र राहत कार्य प्रारंभ नहीं किए गए और नागरिकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button