छत्तीसगढ़

देवपुरी के गोदाम में छापा, पेन ड्राइव ने खोली करोड़ों की कर चोरी, खजूर कारोबारी से जीएसटी विभाग ने वसूले 1.30 करोड़ रुपये

सऊदी से आयात का रिकॉर्ड भी छिपाया

रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने खजूर के कारोबार में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के प्रमुख कारोबारी एसएन ट्रेडर्स के संचालक साधुराम नेनूमल से 1.30 करोड़ रुपये का कर और जुर्माना वसूल किया है। विभाग की छापेमारी में मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर करोड़ों रुपये की कर चोरी उजागर हुई। वैधानिक कार्रवाई से बचने के लिए कारोबारी ने एकमुश्त पूरी राशि जमा कर दी।

जीएसटी विभाग को सूचना मिली थी कि एसएन ट्रेडर्स देवपुरी स्थित गोदाम से बड़े पैमाने पर खजूर का कारोबार संचालित कर रहा है। लंबे समय तक गोदाम का पता नहीं चलने के बाद अधिकारियों ने वहां छापा मारा। शुरुआती जांच में कुछ खास नहीं मिला, लेकिन कबाड़ में रखे एक कंप्यूटर में लगी पेन ड्राइव ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में करोड़ों रुपये के ऐसे लेन-देन का खुलासा हुआ, जिन्हें जीएसटी रिटर्न में दर्ज ही नहीं किया गया था। जांच में सामने आया कि वास्तविक कारोबार का केवल लगभग एक-तिहाई हिस्सा ही आधिकारिक रिकॉर्ड में दिखाया गया था, जबकि शेष कारोबार कच्चे हिसाब में संचालित किया जा रहा था।

अधिकारियों के मुताबिक, कारोबारी सऊदी अरब से आयात किए गए खजूर की कई खेपों का रिकॉर्ड भी छिपा रहा था। आयात-निर्यात से जुड़े कारोबार को भी रिटर्न में शामिल नहीं किया गया। जबकि खाद्य सामग्री होने के कारण खजूर पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लागू है, इसके बावजूद बड़े पैमाने पर कर चोरी की गई।

एसएन ट्रेडर्स छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अलावा झारखंड, मध्यप्रदेश और ओडिशा में भी खजूर की सप्लाई करता है। व्यापक स्तर पर कर चोरी के प्रमाण मिलने के बाद विभाग ने 1.30 करोड़ रुपये की कर एवं जुर्माना राशि निर्धारित की, जिसे कारोबारी ने तत्काल जमा कर दिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button