जनता का भरोसा जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी: वार्षिक निरीक्षण में एसएसपी राजेश अग्रवाल
रक्षित केंद्र अंबिकापुर में परेड की सलामी ली, उत्कृष्ट जवानों को किया सम्मानित, संसाधनों के रखरखाव और संवेदनशील पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर
जनता का भरोसा जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी: वार्षिक निरीक्षण में एसएसपी राजेश अग्रवाल
रक्षित केंद्र अंबिकापुर में परेड की सलामी ली, उत्कृष्ट जवानों को किया सम्मानित, संसाधनों के रखरखाव और संवेदनशील पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर
अंबिकापुर(प्रखर) सरगुजा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने शनिवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के अनुशासन, कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए कहा कि जनता का भरोसा जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा निष्पक्ष और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत परेड की सलामी के साथ हुई। इसके बाद पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट एवं स्कॉट ड्रिल का अवलोकन किया गया। जवानों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए एसएसपी राजेश अग्रवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ही पुलिस बल की सबसे बड़ी पहचान है।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहन शाखा, आर्म्स शाखा, स्टोर शाखा तथा पुलिस यूनिट बैंक का भी विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय वाहनों, हथियारों, उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की स्थिति, रखरखाव तथा अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया गया। उन्होंने सभी संसाधनों के नियमित रखरखाव, रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित संधारण एवं समय-समय पर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का मनोबल ऊंचा रखना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना विभाग की प्राथमिकता है।
एसएसपी राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील और जवाबदेह व्यवहार करें। पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने तथा जनता का विश्वास कायम रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी सहित पुलिस विभाग के लगभग 160 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



