छत्तीसगढ़

नगर निगमकर्मी बनकर ज्वेलर को लगाया 1.88 करोड़ का चूना, आरोपी किरण साहू गिरफ्तार, साथी फरार

रायपुर के कोतवाली थाना इलाके का मामला

रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन से 1 करोड़ 88 लाख 37 हजार 630 रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की कथित धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने महिला आरोपी किरण साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी एक महिला साथी के साथ मिलकर नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत होने का झांसा देकर दुकान संचालक का विश्वास जीता और फिर अलग-अलग किस्तों में बड़ी मात्रा में आभूषण प्राप्त किए। मामले में दूसरी महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पहले 37 लाख के जेवर लिए, फिर 1.73 करोड़ के आभूषण ले गईं
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची। उसने स्वयं को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और दुकानदार का भरोसा हासिल किया। इसके बाद दोनों ने दुकान से करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।

इसके दो दिन बाद, 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण ले गईं। इस लेन-देन के एवज में 1,73,37,630 रुपये का दूसरा चेक दिया गया। दोनों ने दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया था।

गलत हस्ताक्षर के कारण चेक हुआ अनादरित
शिकायतकर्ता के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को जब उसने 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, तो गलत हस्ताक्षर के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद उसने संबंधित महिला से संपर्क कर भुगतान की मांग की, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही। न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया।
इसके बाद दुकानदार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने किरण साहू और उसकी साथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता से विस्तृत पूछताछ और जुटाई गई जानकारी के आधार पर किरण साहू को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब कथित धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के संबंध में पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

दूसरी आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार महिला की पहचान किरण साहू (28), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर, सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल दूसरी महिला आरोपी फरार है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। पुलिस मामले में आभूषणों की बरामदगी और लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button