छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में ईडी और ईओडब्ल्यू-एसीबी की बड़ी कार्रवाई, अनवर ढेबर के घर ईडी की दबिश; 6 जिलों में करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू-एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में जांच एजेंसियों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। ईडी की टीम चर्चित सीएसएमसीएल शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के घर भी पहुंची, जहां अधिकारियों ने जांच शुरू की।

मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीमें रायपुर में 3 से 4 अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रही हैं। सुबह से ही अधिकारी संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य अहम रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटे हुए हैं। अनवर ढेबर के घर के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षाबलों की तैनाती भी की गई है। हालांकि, ईडी की कार्रवाई को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

ईओडब्ल्यू-एसीबी की भी प्रदेशभर में एक साथ छापेमारी

इधर, ईओडब्ल्यू-एसीबी ने भी कोल लेवी और सीएसएमसीएल शराब घोटाला मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए प्रदेशभर में एक साथ कार्रवाई की है। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, गरियाबंद और राजिम सहित कई स्थानों पर दबिश दी है। जानकारी के अनुसार, ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीमें करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर जांच कर रही हैं। दुर्ग के पद्मनाभपुर इलाके में भी टीम पहुंची है, जहां कोल लेवी और शराब घोटाले से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके अलावा तालपुरी सहित अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की सूचना है।

दस्तावेजों की जांच में जुटी टीमें

दोनों जांच एजेंसियों की कार्रवाई से संबंधित लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कार्रवाई किन लोगों और संस्थानों से जुड़ी है, इस संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियों की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छापेमारी के दायरे और इससे जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button