राष्ट्रीय

सांसदों का निलंबन : विपक्षी गठबंधन का देश भर में प्रदर्शन, दिल्ली में जंतर मंतर पर जुटेंगे नेता

नई दिल्ली। संसद से 146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ आज देश भर में विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस के घटक दल प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली के जंतर मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत अन्य नेता शामिल होंगे। लखनऊ में समाजवादी पार्टी अलग प्रदर्शन करेगी तो पटना में सीपीआई आज विरोध मार्च करने वाली है। इंडिया अलायंस की ओर से सभी घटक दलों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने को कहा गया है।

विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों में जमकर हंगामा किया जिसके चलते 14 दिसंबर से लेकर 21 दिसंबर तक लोकसभा और राज्यसभा से कुल 146 सांसदों को निलंबित कर दिया। इनमें सबसे ज्यादा कांग्रेस के 61 सांसद हैं। 19 दिसंबर को विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस की बैठक में सांसदों के सस्पेंशन का मुद्दा उठा। इसके बाद सभी दलों ने साथ मिलकर 22 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया था।

गुरुवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक मार्च निकाला था। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से संसद की सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हम तो सरकार से जवाब मांग रहे हैं लेकिन सांसदों को निलंबित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री इस मुद्दे पर संसद में बयान दें।

Author Desk

Related Articles

Back to top button