किसान आंदोलन : शंभू बॉर्डर पर पथराव, किसानों को रोकने को पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

शंभू बॉर्डर पर पुलिस पर पथराव करने की सूचना आ रही है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, ये किसान नहीं हैं। किसानों की आड़ में कुछ शरारती तत्व भीड़ में घुस गए हैं और माहौल बिगाड़ रहे हैं। शंभू बॉर्डर पर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं।
पंजाब के किसान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, एमएसपी पर गारंटी, लखीमपुर खीरी हादसे पर सख्त कार्रवाई करने, किसान मोर्चों के दौरान मारे गए किसानों के परिवारों को सरकारी नौकरी व मुआवजा राशि देने की मांग पर अड़े हैं। उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए हरियाणा में सुरक्षा के काफी कड़े इंतजाम हैं। कुछ देर बाद दिल्ली की तरफ कूच किया जाएगा।
किसान आंदोलन के कारण शाहाबाद में दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे 44 पर देर रात को ही पक्की बैरिकेडिंग कर दी गई है। वज्र और वाटर कैनन भी तैनात हैं। करनाल से लगती सीमा तक जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात हैं। किसानों को हिरासत में लेने की जरूरत पड़ने पर उन्हें ले जाने के लिए पुलिस लाइन में दर्जनों बसें खड़ी की गई हैं। फिलहाल शाहाबाद तक नेशनल हाईवे पर कोई रोक नहीं है, लेकिन किसानों के कूच व शाहाबाद में सील किए गए हाईवे के चलते आवाजाही बेहद कम है। हाईवे सुनसान पड़ा है।



