एतिहाद एयरवेज और दक्षिण कोरिया ने एयर इंडिया प्लेन क्रैश की रिपोर्ट आने के बाद उठाया बड़ा कदम

एतिहाद एयरवेज और दक्षिण कोरिया ने एयर इंडिया प्लेन क्रैश की रिपोर्ट आने के बाद उठाया बड़ा कदम
अबू धाबी स्थित एतिहाद एयरवेज ने अपने पायलटों को बोइंग 787 विमानों पर ईंधन नियंत्रण स्विच का संचालन करते समय ‘सावधानी बरतने’ का निर्देश जारी किया है, साथ ही उनके लॉकिंग तंत्र के निरीक्षण का भी आदेश दिया है। यह निर्देश 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद जारी किए गए हैं। प्लेन क्रैश की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि विमान दोनों ईंधन स्विच उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में आ गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार, दक्षिण कोरिया भी अब एहतियाती कदम उठाने जा रहा है। दक्षिण कोरिया बोइंग विमानों का संचालन करने वाली अपनी सभी एयरलाइनों को ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच करने का आदेश देने की तैयारी कर रहा है। एतिहाद एयरवेज की ओर से पायलटों को दिए गए आदेश और दक्षिण कोरिया द्वारा अपनी एयरलाइनों के लिए इसी तरह के कदम की योजना, अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) और बोइंग की एक अधिसूचना के बाद आई है। FAA और बोइंग की अधिसूचना में कहा गया है 787 सहित उसके विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच असुरक्षित नहीं थे।
मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार एतिहाद एयरवेज ने 12 जुलाई को, जिस दिन एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच रिपोर्ट जारी हुई थी, एक बुलेटिन जारी किया था। बुलेटिन में पायलटों से “ईंधन नियंत्रण स्विच या अपने आस-पास के किसी भी अन्य स्विच/नियंत्रण को संचालित करते समय सावधानी बरतने” के लिए कहा गया था। एयरलाइन का कहना था कि यह कदम “अत्यधिक सावधानी” के तौर पर उठाया जा रहा है।



