दलित महिला की चाकू मारकर हत्या, आरोपी रफीक का शव जंगल में मिला

दलित महिला की चाकू मारकर हत्या, आरोपी रफीक का शव जंगल में मिला
कन्नड़। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर कस्बे से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां 30 वर्षीय दलित महिला की सडक़ पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि यह हत्या उसके एक परिचित व्यक्ति ने की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक दीपन एमएन ने कहा कि आरोपी रफीक इमामसाब का शव रविवार को येल्लापुर के पास जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना से कस्बे में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया और कई हिंदू संगठनों ने रविवार को येल्लापुर में बंद का आह्वान किया। उन्होंने इस हत्या को ‘लव जिहाद’ का मामला बताया है। मृतका की पहचान येल्लापुर के कलम्मा नगर की रंजीता भानसोड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसी इलाके का रहने वाला रफीक महिला की हत्या का मुख्य आरोपी था। पुलिस ने कहा कि रफीक और रंजीता स्कूल के दिनों से दोस्त थे। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी महिला पर शादी का दबाव डाल रहा था। जब महिला ने इससे इनकार किया तो उसने सरेआम चाकू से महिला पर हमला कर दिया।’ यह घटना शनिवार दोपहर को हुई, जब रंजीता अपने कार्यस्थल से घर लौट रही थी।
भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र महिला के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे और दो एकड़ जमीन की मांग की। उन्होंने पार्टी की ओर से तत्काल पांच लाख रुपये की सहायता की भी घोषणा की। श्री राम सेना प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने कहा, ‘यह पूरी तरह से ‘लव जिहाद’ का मामला है, जिसमें अविवाहित महिलाओं, विधवाओं या तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाया जाता है।’ स्थिति को देखते हुए पुलिस ने येल्लापुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।



