रुद्री रोड पर मधुमक्खियों का कहर: दुलारी नगर के पास अचानक हमले से मची अफरा-तफरी, 5 घायल—एक की हालत गंभीर

धमतरी(प्रखर)शहर में आज दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब रुद्री रोड स्थित दुलारी नगर के पास मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक राहगीरों पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले में अब तक 5 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे किसी पेड़ या भवन के पास मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक किसी कारणवश मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और वहां से गुजर रहे लोगों पर टूट पड़ीं। कुछ लोग बाइक से जा रहे थे तो कुछ पैदल राहगीर थे। मधुमक्खियों के हमले से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोगों ने पास की दुकानों और घरों में घुसकर खुद को सुरक्षित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र को अस्थायी रूप से खाली कराया गया और लोगों को उस मार्ग से आवागमन न करने की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने एहतियातन रुद्री रोड के दुलारी नगर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात धीमा कर दिया है, ताकि किसी और को नुकसान न पहुंचे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी मधुमक्खियों का छत्ता देखा गया था, लेकिन इस तरह के हमले की आशंका नहीं थी। फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। विशेष रूप से दुलारी नगर और आसपास के क्षेत्र में अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं तथा कुछ समय तक वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



