धमतरी विधानसभा को मिली 3 अत्याधुनिक एंबुलेंस, आज होगा लोकार्पण

धमतरी- जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत धमतरी विधानसभा क्षेत्र को तीन अत्याधुनिक एंबुलेंस मिली हैं। इन एंबुलेंस को आज 1 अप्रैल को दोपहर 12 बजे जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर रामू रोहरा द्वारा हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया जाएगा।
इन नई एंबुलेंस में एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) सिस्टम की सुविधा उपलब्ध है, जो गंभीर रूप से बीमार और दुर्घटना में घायल मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। एंबुलेंस में वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित कई आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
धमतरी जिले को कुल 10 एंबुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनमें से तीन एंबुलेंस धमतरी क्षेत्र में तैनात रहेंगी। इससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहतर होगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। खासतौर पर दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है और इन अत्याधुनिक एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना संभव होगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। नई एंबुलेंस की सुविधा से धमतरी की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही आमजन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



