आमदी नगर पंचायत परिषद बैठक में भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस पार्षद ऋषभ ठाकुर पर 55 हजार लेने का मामला उठा

धमतरी। नगर पंचायत आमदी की हाल ही में हुई परिषद बैठक में एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें वार्ड पार्षद पर भवन अनुज्ञा दिलाने के नाम पर प्रार्थी से नगद राशि लेने का आरोप लगाया गया है। मामले के उजागर होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सहित कई पार्षदों ने नाराजगी जताई और इसकी शिकायत कलेक्टर से की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 9 के निवासी नोहर साहू (पिता प्रहलाद साहू) ने भवन अनुज्ञा के लिए नगर पंचायत में आवेदन दिया था। आरोप है कि कांग्रेस पार्षद ऋषभ ठाकुर ने भवन अनुज्ञा दिलाने के एवज में प्रार्थी से 55 हजार रुपए नगद लिए। बताया जा रहा है कि राशि लेने के बाद 11 मार्च 2026 को भवन अनुज्ञा जारी कर दी गई, लेकिन उस राशि की कोई रसीद प्रार्थी को नहीं दी गई।
यह मामला परिषद की बैठक में तब सामने आया जब परिषद सदस्य सुनीता साहू ने अध्यक्ष की अनुमति से इसे उठाया। बैठक में चर्चा के दौरान मुख्य नगर पंचायत अधिकारी ने भी यह स्वीकार किया कि पार्षद द्वारा प्रार्थी से 55 हजार रुपए नगद लिए गए थे और उस समय उसकी कोई रसीद नहीं दी गई थी। बाद में मामला सामने आने के बाद 13 अप्रैल 2026 को उक्त राशि की रसीद नगर पंचायत कार्यालय द्वारा काटी गई।
इधर इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर शशि पवार, पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा ने आरोप लगाया कि आमदी नगर पंचायत के कुछ पार्षदों को विधायक का संरक्षण प्राप्त है। उनका कहना है कि विधायक का भय दिखाकर नियम विरुद्ध कार्य और भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि भोले-भाले नागरिकों और किसानों से अवैध उगाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मामले में शासन-प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वहीं इस मामले की लिखित शिकायत शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू, उपाध्यक्ष कोमल यादव, पार्षद सुनीता साहू, उमानंद कुंभकार सहित अन्य पार्षदों ने कलेक्टर से की है। सभी जनप्रतिनिधियों ने वार्ड पार्षद के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने तथा मुख्य नगर पंचायत अधिकारी के विरुद्ध भी नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।


