राष्ट्रीय

यूसुफ पठान के ससुर समेत कई रिश्तेदारों ने लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से एक शख्स और परिवार को पीटा

मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के सांसद यूसुफ पठान के ससुर को सोमवार को उनके बेटे और एक अन्य रिश्तेदार के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने दो दिन पहले भायखला इलाके में एक व्यक्ति और उसके परिवार पर हमला किया था। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब एक व्यक्ति की कार सड़क पर बने गड्ढे से गुजरते समय पानी उछलकर उन पर गिर गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।

यह है पूरा मामला :
भायखला पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासी यूसुफ खान शनिवार रात करीब 9 बजे घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी से पानी उछलकर शोएब खान पर जा गिरा। यूसुफ खान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गाड़ी रोककर तुरंत माफी मांगी, लेकिन शोएब ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बांस की लकड़ी से कार का विंडशील्ड तोड़ दिया। इसके बाद शोएब ने यूसुफ खान पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घर लौटने के बाद यूसुफ खान के परिवार वालों ने पुलिस के पास जाने की सलाह दी। पुलिस स्टेशन जाते समय रास्ते में उनकी मुलाकात खालिद खान (यूसुफ पठान के ससुर) से हुई, जिन्होंने अपने बेटे उमरशाद खान , शोएब और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान के साथ मिलकर बहस शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, खालिद, उमरशाद, शोएब और शहबाज ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ खान और उनके रिश्तेदारों पर हमला किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button