जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके के सदस्य ने बच्ची से की दरिंदगी

जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके के सदस्य ने बच्ची से की दरिंदगी
चेन्नई। जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कडग़म (टीवीके) से जुड़े एक 43 वर्षीय व्यक्ति को चेन्नई में 10 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान दिनेश उर्फ? पांबू दिनेश के रूप में हुई है। पीडि़ता के परिवार की ओर से इस सप्ताह की शुरुआत में शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना कुछ दिन पहले की है, जब मायलापुर की रहने वाली पीडि़त बच्ची आर.के. नगर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कासिमेडु सिंगारवेलन नगर में अपने एक रिश्तेदार के घर गई थी। जब बच्ची बाहर खेल रही थी, तब उसी इलाके में रहने वाला आरोपी दिनेश उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां उसने बच्ची का यौन उत्पीडऩ किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे आगे की जांच के लिए रायपुरम ऑल वूमेन पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया।
मतगणना केंद्र पर मौजूद था आरोपी
पुलिस टीमों ने मतगणना के दिन 4 मई को ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए, क्योंकि आरोपी उस समय एक मतगणना केंद्र पर मौजूद था। वह टीवीके की ओर से आर.के. नगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे एक उम्मीदवार का समर्थन कर रहा था। हालांकि, बाद में उसी रात उसे ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सबूत जुटाने और मामले के सभी पहलुओं की जांच के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।



