राष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल में सत्ता की तस्वीर साफ होने को तैयार, सीएम के नाम पर मंथन जारी

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल में सत्ता की तस्वीर साफ होने को तैयार, सीएम के नाम पर मंथन जारी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में सियासी हलचल तेज हो गई है और सत्ता की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने की ओर बढ़ रही है। तीनों राज्यों में संभावित मुख्यमंत्री के नाम को लेकर लगातार मंथन जारी है। राजनीतिक दलों के भीतर बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं का दौर चल रहा है, जिससे आने वाले समय में नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला होने की संभावना जताई जा रही है।

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रकिया आज (शुक्रवार को) शुरू हो रही है। आज कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बतौर पर्यवेक्षक इस बैठक में मौजूद रहेंगे। ओडिशा के सीएम मोहन माझी सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। दोनों नेता पश्चिम बंगाल के बीजेपी विधायकों का मन टटोलेंगे। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। विधायक दल के नेता के चुनाव के बाद बीजेपी नेता राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

इसके बाद, कल यानी 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा। बीजेपी ने शपथ ग्रहण को भव्य बनाने की तैयारी की है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। साथ ही, 20 राज्यों के सीएम भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले हैं।

बैठक में शामिल होने एक गाड़ी में होटल पहुंचे अमित शाह-शुभेंदु

अमित शाह कोलकाता पहुंच गए हैं। वे शुक्रवार शाम होने वाली विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। कोलकाता पहुंचने के बाद अमित शाह ने सबसे पहले दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे शहर के एक होटल में आयोजित भाजपा की अहम बैठक के लिए रवाना हो गए। खास बात यह रही कि अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी एक ही वाहन से होटल पहुंचे। इससे पहले कोलकाता आगमन पर शुभेंदु अधिकारी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुलाकात के समय अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की पीठ थपथपाकर अभिवादन किया।

तमिलनाडु में सस्पेंस ख़त्म होगा
तमिलनाडु में भी सरकार गठन पर सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। जोसेफ विजय चंद्रशेखर की पार्टी टीवीके के नेताओं ने सीपीआई और सीपीएम से मुलाकात की है। इसके बाद, आज सीपीआई और सीपीएम आज बैठक कर विजय को समर्थन देने का ऐलान कर सकते हैं। विजय के पास अपनी पार्टी और कांग्रेस मिलाकर 112 विधायकों का समर्थन है। उन्हें 6 विधायकों की जरूरत है। लेफ्ट के पास चार विधायक हैं।

केरल में कांग्रेस नेताओं के बीच खींचतान
केरल में भी कांग्रेस नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान चल रही है। एआईसीसी पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बीते गुरुवार यहां कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की थी और केरल के नए मुख्यमंत्री के बारे में उनके विचार जाने थे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button