छत्तीसगढ़

मातृ दिवस पर धमतरी में होगा “नारी शक्ति वंदन सम्मान समारोह”, विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं का होगा सम्मान


धमतरी। मातृ दिवस के पावन अवसर पर शहर में नारी शक्ति के सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से “नारी शक्ति वंदन सम्मान समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पं. राजेश शर्मा (धर्मप्रेमी) के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया जाएगा

पंडित राजेश शर्मा ने प्रखर समाचार को बताया कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, करुणा, त्याग और सृजन का प्रतीक माना गया है। परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मातृ दिवस के अवसर पर ऐसे ही प्रेरणादायक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, प्रशासन, सुरक्षा, व्यवसाय, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली मातृ शक्तियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है और समाज में उनके योगदान के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होती है।
इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और समाज में उनकी भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत “प्रीति भोज व सम्मान समारोह” का भी आयोजन किया गया है, जिसमें सभी अतिथियों और शहरवासियों के लिए सामूहिक भोज की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम नारी सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।
यह कार्यक्रम 10 मई 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे
धनकेसरी मंगल भवन, आमापारा, धमतरी में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति की ओर से शहरवासियों से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नारी शक्ति के सम्मान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं और मातृ शक्ति के प्रति अपना सम्मान प्रकट करें।

Author Desk

Related Articles

Back to top button