रायपुर में मौसम का यू-टर्न, तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

रायपुर में मौसम का यू-टर्न, तेज आंधी और बारिश की चेतावनी
रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और बारिश ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी, वहीं अंधड़ ने कई जगहों पर परेशानी भी बढ़ा दी। तेज हवा के कारण पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जबकि देर रात बिजली गुल होने से कई इलाकों में घंटों अंधेरा पसरा रहा। मौसम का यह बदला मिजाज रविवार को भी जारी रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हुई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आज एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा, जो 40-50 प्रति घंटे रफ्तार से चलने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा एक द्रोणिका पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इन मौसम प्रणालियों के कारण रविवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के आसार हैं। वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, हालांकि हल्की वृद्धि हो सकती है।



