छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस नेता गौतम वाधवानी को उठाकर थाने ले गई पुलिस



धमतरी। प्रदेश में “सुशासन” के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार पर अब लोकतंत्र का गला घोंटने के आरोप लगने लगे हैं। मुख्यमंत्री के धमतरी आगमन से ठीक पहले कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी एवं उनके साथियों को पुलिस द्वारा जबरन उठाकर रुद्री थाना ले जाने की घटना ने जिले की राजनीति में तूफान खड़ा कर दिया है। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस नेता गौतम वाधवानी को उनके घर से हिरासत में लिया और सीधे रुद्री थाना ले जाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस बल सुबह से ही उनके घर के बाहर तैनात था और बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें अपने साथ ले गया। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार विपक्ष की आवाज से इतनी डर चुकी है कि अब लोकतांत्रिक तरीके से सवाल उठाने वालों को भी पुलिस के दम पर दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में वास्तव में सुशासन होता, तो विरोध करने वालों को थाने में बैठाने की जरूरत नहीं पड़ती। यह कार्रवाई साफ तौर पर सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक बदले की भावना को दर्शाती है।।

गौतम वाधवानी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी विरोध से बचने के लिए प्रशासन पुलिसिया दबाव बना रहा है। लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन सरकार अब हर असहमति को अपराध की तरह देखने लगी है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button