छत्तीसगढ़

सिहावा चौक से लेकर नहर नाका चौक तक ब्रेकर व डिवाइडर बनाने पार्षद कुशल लोढ़ा ने की मांग


कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को लिखा पत्र
धमतरी-नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड के पार्षद कुशल लोढ़ा (जैन) द्वारा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग (PWD) को एक पत्र लिखकर सिहावा चौक से लेकर नहर नाका चौक तक सड़क पर स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) और डिवाइडर बनाने की पुरजोर मांग की गई है।
पार्षद कुशल लोढ़ा ने बताया कि श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड के अंतर्गत आने वाले इस मुख्य मार्ग (सिहावा चौक से नहर नाका चौक) पर दिन-प्रतिदिन आवाजाही बेहद बढ़ती जा रही है। इस व्यस्त मार्ग पर बड़े और छोटे वाहनों के चालकों द्वारा गाड़ियों को अत्यंत तेज गति से चलाया जाता है, जिसके कारण आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं।
बीती रात हादसे में प्रधान आरक्षक की मौत, एक घायल
इस मार्ग पर बढ़ती रफ्तार के खतरे का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बीती रात सिहावा चौक के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस बाइक पेट्रोलिंग टीम को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में एक पुलिस प्रधान आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार फिलहाल रायपुर में जारी है।
पुनरावृत्ति रोकने के लिए डिवाइडर आवश्यक
पार्षद श्री लोढ़ा ने कहा कि इस प्रकार की दुखद और जानलेवा वारदातों की पुनरावृत्ति भविष्य में दोबारा न हो, इसके लिए उक्त पूरे मार्ग में स्पीड ब्रेकर के साथ-साथ डिवाइडर का निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही श्री लोढ़ा ने हादसे में जान गंवाने वाले मृत पुलिस प्रधान आरक्षक को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button