छत्तीसगढ़

भाजपा विधायक से 10 हजार की ठगी, ठगों ने खुद को नितिन नवीन का पीए बताकर ऐंठे पैसे

भाजपा विधायक से 10 हजार की ठगी, ठगों ने खुद को नितिन नवीन का पीए बताकर ऐंठे पैसे

रायपुर। पुरंदर मिश्रा से शातिर ठगों ने खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का पीए बताकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। डीजल भरवाने के नाम पर पैसों की मांग की गई, जिसके बाद विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक के जरिए रकम ट्रांसफर करवाई। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (पीए) बताया। बातचीत के दौरान उसने डीजल डलवाने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कही। आरोपी ने भरोसा जीतकर दो अलग-अलग बार में रकम ट्रांसफर करवाने की मांग की। विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। बाद में मामले की सच्चाई सामने आने पर ठगी का खुलासा हुआ। सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुरंदर मिश्रा ने मीडिया को इस ठगी की घटना को लेकर बताया कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। ठग ने फोन कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीए बताया और कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है। रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने और परिवार के मुसीबत में होने की बात कहकर उसने तत्काल पैसों की मांग की। आरोपी ने शुरुआत में 4,500 रुपए मांगे, लेकिन परेशानी की बात सुनकर विधायक की ओर से 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा दिए गए। यह रकम जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से भेजी गई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को ठगी का शक हुआ। पुरंदर मिश्रा ने बताया कि भुवनेश्वर यहां से काफी दूर है, ऐसे में इतनी जल्दी वहां पहुंचने की बात संदिग्ध लगी। इसके बाद उन्होंने संबंधित नेता के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है। मामले की सच्चाई सामने आने के बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर या पैसों की मांग किए जाने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी का सत्यापन करें और पूरी तरह पुष्टि होने के बाद ही किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन करें।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button