लाल बगीचा वार्ड में महापौर ने किया नक्शा प्रोजेक्ट कार्य का निरीक्षण, वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं

धमतरी। नगर निगम धमतरी के लाल बगीचा वार्ड क्रमांक 03 में चल रहे नक्शा प्रोजेक्ट कार्य का महापौर जगदीश रामू रोहरा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद एवं सभापति (विधि एवं सामान्य प्रशासन विभाग) हिमानी भागवत साहू भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने प्रोजेक्ट की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर एवं पार्षद ने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। नागरिकों ने सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। महापौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर ने कहा कि नगर निगम धमतरी वार्डों के समग्र विकास एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र के विकास को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
वार्ड पार्षद एवं सभापति हिमानी भागवत साहू ने कहा कि वार्डवासियों ने उन पर विश्वास जताकर प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है, जिसे वे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को सुनना और उनका शीघ्र समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। जनसेवा एवं वार्ड का समग्र विकास ही उनका मुख्य उद्देश्य है।



