छत्तीसगढ़

पेयजल संकट के स्थायी समाधान हेतु जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा मांग पत्र



धमतरी। जिला पंचायत धमतरी की सभापति (स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष मोनिका ऋषभ देवांगन ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव से नवा रायपुर स्थित उनके निवास में सौजन्य मुलाकात कर धमतरी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में व्याप्त पेयजल एवं निस्तारी समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
मोनिका देवांगन ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि धमतरी विकासखंड के लगभग 88 ग्राम वर्तमान में गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। बरारी, भोयना, बेंद्रानवागांव, भटगांव, रुद्री, बोरिदखुर्द, कसावाही सहित गंगरेल बांध के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोत उपलब्ध होने के बावजूद लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण पेयजल एवं निस्तारी की समस्या बनी हुई है। गर्मी के मौसम में यह संकट और अधिक बढ़ जाता है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित होता है।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लिए बहुप्रतीक्षित “रुद्री समूह जल प्रदाय योजना” को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने तथा आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की। मोनिका देवांगन ने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन से हजारों ग्रामीणों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा तथा वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि रुद्री समूह जल प्रदाय योजना को आगामी वित्तीय वर्ष में शामिल करने एवं इसके क्रियान्वयन के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मोनिका देवांगन ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार शासन-प्रशासन के समक्ष उठाती रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र में पेयजल संकट का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री हेमंत चंद्राकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष गंगरेल ऋषभ देवांगन, बूथ अध्यक्ष अछोटा गिरधारी लाल देवांगन तथा सक्रिय कार्यकर्ता वीरेंद्र देवांगन उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button