शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में तेजी लाएं, शिकायतों का करें समयबद्ध निराकरण : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

सीएम हेल्पलाईन के प्रभावी संचालन हेतु 2 जून को जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित होगा
खाद वितरण, एग्री स्टैक, सड़क मरम्मत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा
धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनहितकारी कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में बताया गया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के उद्देश्य से शासन द्वारा “सीएम हेल्पलाईन” व्यवस्था प्रारंभ की जा रही है। इसके प्रभावी संचालन एवं शिकायतों के समयबद्ध निराकरण हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर पर नामांकित अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 जून 2026 को जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में खाद के भंडारण, उठाव एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई तथा किसानों को खरीफ सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग की समीक्षा में एग्री स्टैक के अंतर्गत संयुक्त खातों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग तथा क्रेडा के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कुछ सड़कों की गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तकनीकी जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा संस्थागत प्रसव की स्थिति की जानकारी ली गई। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली व्यवस्था एवं भवन मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों की केवाईसी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए शत-प्रतिशत केवाईसी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त मांगों एवं शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



