कांग्रेस हाईकमान की कल अहम बैठक, मोदी सरकार के 12 साल पर बनेगी आंदोलन की रणनीति

कांग्रेस हाईकमान की कल अहम बैठक, मोदी सरकार के 12 साल पर बनेगी आंदोलन की रणनीति
नई दिल्ली। कांग्रेस हाईकमान ने गुरुवार सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों और महासचिवों को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न राज्यों के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व राज्यों में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा भी कर सकता है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस आगामी राजनीतिक चुनौतियों और विपक्षी दलों के साथ समन्वय को लेकर भी रणनीति तैयार करेगी। इसके अलावा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के मुद्दे पर पार्टी की भावी राजनीतिक लाइन और जनआंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों, विभिन्न राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन और संगठनात्मक बदलावों से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है। कांग्रेस नेतृत्व आगामी महीनों में पार्टी को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए राज्यों से फीडबैक भी ले सकता है।



