हैदराबाद में गूंजा छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल, निवेशकों से मिले मुख्यमंत्री साय

हैदराबाद में गूंजा छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल, निवेशकों से मिले मुख्यमंत्री साय
हैदराबाद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश-अनुकूल माहौल और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए प्रक्रियाओं को पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और उद्योग हितैषी बनाया गया है। राज्य में उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), खाद्य प्रसंस्करण तथा खनिज आधारित उद्योगों में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश कर विकास यात्रा का भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ विस्तार से चर्चा हुई तथा राज्य में निवेश की संभावनाओं पर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति और निवेशक-अनुकूल निर्णयों के कारण राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का छत्तीसगढ़ के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित निवेशक संवाद कार्यक्रमों के बाद अब हैदराबाद में ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ का आयोजन किया गया है। इन पहलों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है और राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि निवेश और औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।



