पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे को साइबर ठगों ने लगाया 7.8 करोड़ का चूना, दिल्ली पुलिस जांच में जुटी

पूर्व पीएम आईके गुजराल के बेटे नरेश कुमार साइबर ठगी का शिकार
नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के बेटे और पूर्व सांसद नरेश कुमार गुजराल साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने उनकी पहचान का दुरुपयोग करते हुए उनकी फाइनेंस टीम के एक कर्मचारी को झांसे में लिया और करीब 7.8 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले में दिल्ली पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ठग ने नरेश कुमार गुजराल की तस्वीर का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर उनकी फाइनेंस टीम के एक भरोसेमंद कर्मचारी से संपर्क किया। खुद को नरेश गुजराल बताते हुए आरोपी ने मैसेज भेजा और मीटिंग में व्यस्त होने का हवाला देकर एक खाते में तत्काल आरटीजीएस के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। कर्मचारी ने निर्देशों को सही मानते हुए 12 से 16 जून के बीच चार अलग-अलग आरटीजीएस ट्रांजैक्शन किए। इन लेनदेन के जरिए कुल लगभग 7 करोड़ 80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। बाद में जब कर्मचारी ने इस भुगतान की जानकारी नरेश गुजराल की बेटी दीक्षा को दी, तब मामले का खुलासा हुआ।
दीक्षा ने तुरंत नरेश गुजराल से संपर्क किया, जिन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी प्रकार के भुगतान का निर्देश नहीं दिया था। इसके बाद परिवार को साइबर ठगी का एहसास हुआ और तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही साइबर अपराध शाखा और संबंधित एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ रुपये फ्रीज करा दिए। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी रकम को सुरक्षित किया जा सका है।
दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल ठगी को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में यह मामला हाल के वर्षों में राजधानी दिल्ली में सामने आए बड़े साइबर फ्रॉड मामलों में से एक माना जा रहा है।



