छत्तीसगढ़

खाद-बीज के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, वेल में पहुंचे विपक्षी विधायक स्वत: निलंबित, नारेबाजी के साथ किया बहिर्गमन

खाद-बीज के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, वेल में पहुंचे विपक्षी विधायक स्वत: निलंबित, नारेबाजी के साथ किया बहिर्गमन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन खाद-बीज की उपलब्धता के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की। शून्यकाल में स्थगन प्रस्ताव के जरिए कांग्रेस विधायकों ने किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने का आरोप लगाया। विपक्ष ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में किसान खाद-बीज की कमी से जूझ रहे हैं और समय पर उपलब्धता नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है। इस पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सरकार की ओर से जवाब देते हुए स्थिति स्पष्ट की और आवश्यक व्यवस्था किए जाने की बात कही। हालांकि, मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्य सदन में नारेबाजी करने लगे। जवाब में सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी नारे लगाए, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। विपक्ष के विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के गर्भगृह (वेल) में पहुंच गए। विधानसभा की नियमावली के अनुसार गर्भगृह में प्रवेश करते ही विपक्ष के विधायक स्वत: निलंबित हो गए। निलंबन के बाद भी विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते रहे और विरोध जताते हुए सदन से बहिर्गमन कर गए।

शून्यकाल में किसानों से जुड़ी समस्याएं, खाद और उन्नत बीज की कमी को लेकर स्थगन की सूचना देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि खाद के लिए किसान परेशान हो रहे हैं। खाद का कोटा भी कम किया गया है। बारिश भी कम हुई है, जिससे बोनी भी पिछड़ी हुई है। किसान खाद के लिए भटकते रहे, खाद्य सोसायटी मे उपलब्ध नहीं था, लेकिन व्यापारियों के पास उपलब्ध है, किसानों को लुटा जा रहा, बिजली की कटौती की जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि डीएपी, पोटाश जैसे खाद नदारद है, किसान कृषि विभाग के कुप्रबन्धन का शिकार हो गए हैं। कई व्यापारियों ने खाद को खपाने के लिए जिस तरह दलाली शुरू कर दी है, वो चिंता का विषय है। किसानों पर चौतरफा प्रहार हो रहा है।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। प्रदेश में उर्वरक का लक्ष्य 15.55 लाख मीटिक टन के विरुद्ध लक्ष्य का 90 प्रतिशत लगभग 14 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर लिया गया है। मांग के विरुद्ध 96 प्रतिशत बीजों का भंडारण कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि वैकल्पिक श्रोत जैसे एनपीके और सिंगल सुपर फास्फेट की भी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। पिछली बार के मुकाबले इस बार 96 हजार मीट्रिक टन ज्यादा उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। खाद के 94 नमूने जहां से अमानक पाए गए उनपर कार्रवाई भी की है।

मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष की सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। सत्ता पक्ष की ओर से भी नारे लगाए जाने लगे। माहौल में तब और गर्मी आ गई, जब विपक्ष के विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में पहुंचे। गर्भगृह में पहुंचने से विपक्ष के विधायक स्वत: निलंबित हुए। निलंबन के बाद नारेबाजी करते हुए विपक्ष के विधायक सदन से बाहर निकल गए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button