नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक से सौजन्य मुलाकात, सूखा नशा और बढ़ते अपराधों पर हुई विस्तृत चर्चा

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक से सौजन्य मुलाकात, सूखा नशा और बढ़ते अपराधों पर हुई विस्तृत चर्च
धमतरी। जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय से विधायक प्रतिनिधि व जिला महामंत्री आकाश गोलछा ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिले की कानून व्यवस्था, सूखा नशा के बढ़ते प्रभाव तथा उससे जुड़े अपराधों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिले में बढ़ते सूखा नशा के दुष्प्रभावों और उससे उत्पन्न हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने तथा समाज में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रभावी रणनीति पर भी चर्चा हुई।
विधायक प्रतिनिधि आकाश गोलछा ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि जिले में सूखा नशा के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और चोरी, मारपीट सहित अन्य अपराधों में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। ऐसे में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाना आवश्यक है।
इस पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने आश्वस्त किया कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सूखा नशा, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा अपराध में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर युवा नेता सूरज पासवान एवं रजत सोनकर भी उपस्थित रहे। सभी ने जिले को नशामुक्त, सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



