ऋग्वेद एकेडमी धमतरी में पर्यावरण संरक्षण सप्ताह की शुरुआत, स्लोगन प्रतियोगिता और जागरूकता रैली से दिया प्रकृति बचाने का संदेश

ऋग्वेद एकेडमी धमतरी में पर्यावरण संरक्षण सप्ताह की शुरुआत, स्लोगन प्रतियोगिता और जागरूकता रैली से दिया प्रकृति बचाने का संदेश
धमतरी। ऋग्वेद एकेडमी, धमतरी में 16 जुलाई से पर्यावरण संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। सप्ताह भर चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, पालकों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस विद्यार्थियों के लिए प्रकृति एवं पौधारोपण विषयक स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली, जल बचाओ, वृक्ष लगाओ तथा स्वच्छ पृथ्वी जैसे विषयों पर आकर्षक एवं प्रेरणादायी स्लोगन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
द्वितीय दिवस विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर “पेड़ लगाओ-धरती बचाओ”, “जल है तो कल है”, “हरियाली ही खुशहाली” और “प्लास्टिक छोड़ो, प्रकृति जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य सूर्यप्रभा चेट्टियार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण प्रकृति का सबसे महत्वपूर्ण अंग है और वर्तमान समय में इसमें तेजी से परिवर्तन देखने को मिल रहा है। पहले ऋतुएं अपने निर्धारित समय पर आती थीं, लेकिन आज जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम अनिश्चित हो गया है। कभी अत्यधिक गर्मी, कभी असामयिक वर्षा, तो कभी सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएं सामान्य होती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन का मुख्य कारण बढ़ता प्रदूषण, अंधाधुंध वनों की कटाई, औद्योगीकरण, शहरीकरण तथा जीवाश्म ईंधनों का अत्यधिक उपयोग है। इसके परिणामस्वरूप पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा प्रभाव मानव जीवन, कृषि, पशु-पक्षियों एवं जैव विविधता पर पड़ रहा है।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं पालकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा प्लास्टिक के कम उपयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि आज हम प्रकृति के प्रति सजग और जिम्मेदार नहीं बने, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा।
रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बदलते पर्यावरण के प्रति समाज को जागरूक रहने और प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित हो सके।



