छत्तीसगढ़

सम्बलपुर में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रशिक्षण का आगाज़, दो दिवसीय कुकीवॉन वर्कशॉप में देशभर के खिलाड़ी जुटे

सम्बलपुर में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रशिक्षण का आगाज़, दो दिवसीय कुकीवॉन वर्कशॉप में देशभर के खिलाड़ी जुटे

धमतरी – प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सम्बलपुर के जिम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 18 एवं 19 जुलाई 2026 को दो दिवसीय कुकीवॉन ताइक्वांडो वर्कशॉप एवं सेमिनार का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से 100 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम का आयोजन इंडिया दोजांग स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन, नई दिल्ली, एमेच्योर ताइक्वांडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़, रायपुर तथा जिला धमतरी ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। आयोजन की प्रमुख जिम्मेदारी जिला धमतरी ताइक्वांडो संघ के सचिव ओंकार पटेल एवं संतोष निर्मलकर द्वारा निभाई जा रही है।

कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो कोच मास्टर प्रबन सेकिया एवं रियोन सेकिया खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों एवं उन्नत प्रशिक्षण का अभ्यास करा रहे हैं। दोनों प्रशिक्षक भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण एवं रजत पदक जीत चुके हैं।

सेमिनार का शुभारंभ सम्बलपुर के पूर्व सरपंच राजेश चंद्राकर, प्रमोद शार्दूल, ओंकार लाल पटेल एवं संतोष निर्मलकर ने दिल्ली से आए प्रशिक्षकों मास्टर प्रबन सेकिया और रियोन सेकिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए किया।

दो दिवसीय इस कार्यशाला में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों, अनुशासन, फिटनेस एवं प्रतियोगी कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button