अभनपुर में तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश, हत्या की आशंका

अभनपुर में तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश, हत्या की आशंका
अभनपुर। अभनपुर क्षेत्र के लखना गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के आसपास जुट गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने तालाब में युवती का शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या या किसी अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवती की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।



