छत्तीसगढ़

कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 90 बोरी प्रतिबंधित पानी पाउच जब्त, 9 हजार रुपये का जुर्माना

कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 90 बोरी प्रतिबंधित पानी पाउच जब्त, 9 हजार रुपये का जुर्माना

धमतरी। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के निर्देश पर नगर पालिक निगम धमतरी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर प्रतिबंधित पॉलीथिन, अवैध पानी पाउच, सिंगल यूज़ प्लास्टिक तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान दानीटोला, सिहावा रोड और सोरिद क्षेत्र में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले खोमचा संचालकों और व्यापारियों पर कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की। कार्रवाई में करीब 90 बोरी प्रतिबंधित पानी पाउच तथा 10 पैकेट डिस्पोजल सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने और स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों से कुल 9 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों को भविष्य में इस तरह की सामग्री का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि राज्य शासन द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई गई है, इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। निगम की टीम ने व्यापारियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कपड़े एवं जूट के थैलों सहित अन्य वैकल्पिक सामग्री के उपयोग की सलाह दी।

अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक और पानी पाउच का उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है, बल्कि नालियों के जाम होने, जलभराव और प्रदूषण जैसी समस्याओं का भी प्रमुख कारण बनता है। इसलिए शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नियमित रूप से इस प्रकार के अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन ने शहर के नागरिकों, दुकानदारों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रशासन का सहयोग करें।

इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा, आबकारी अधिकारी निशांत संधु सहित नगर निगम एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।

Author Desk

Related Articles

Back to top button