छत्तीसगढ़

नक्सल-वनांचल में 12 साल की सेवा, 10 साल से शून्य मातृ मृत्यु; RMA दुर्गेश साहू सम्मानित

नक्सल-वनांचल में 12 साल की सेवा, 10 साल से शून्य मातृ मृत्यु; RMA दुर्गेश साहू सम्मानित

 

धमतरी/नगरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में नक्सल प्रभावित एवं अति-संवेदनशील वनांचल क्षेत्र में उल्लेखनीय स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले आर.एम.ए. दुर्गेश कुमार साहू को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साँकरा के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र रिसगांव में पदस्थ हैं।

 

इस सम्मान को इसलिए भी विशेष माना जा रहा है, क्योंकि रिसगांव क्षेत्र के इतिहास में पहली बार यहां पदस्थ किसी विभागीय कर्मचारी को जिला स्तरीय सम्मान मिला है। नक्सल प्रभावित, दुर्गम और टाईगर रिजर्व क्षेत्र होने के कारण यहां स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है।

 

दुर्गम परिस्थितियों में लगातार सेवा

 

विकासखंड नगरी का रिसगांव क्षेत्र भौगोलिक रूप से बेहद दुर्गम है। क्षेत्र में सड़क, बिजली और पुल-पुलियों जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण बरसात के दिनों में कई महीनों तक नगरी मुख्यालय से संपर्क प्रभावित रहता है। इसके बावजूद आर.एम.ए. दुर्गेश कुमार साहू वर्ष 2012 से रिसगांव में मुख्यालय निवास कर ग्रामीणों को लगातार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

 

10 वर्षों से मातृ मृत्यु शून्य

 

श्री साहू की सेवाओं की सबसे बड़ी उपलब्धियों में उनके कार्यक्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से मातृ मृत्यु का शून्य रहना बताया गया है। इसके साथ ही शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर बनाए रखने में भी उनके प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

 

उनके कार्यक्षेत्र में टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण नियंत्रण और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में भी वे दुर्गम गांवों तक पैदल पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते रहे हैं।

 

सेवा और समर्पण को मिला सम्मान

 

जिला प्रशासन ने कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निडर होकर कर्तव्य निर्वहन तथा ग्रामीणों के प्रति समर्पित स्वास्थ्य सेवा के लिए दुर्गेश कुमार साहू के कार्यों की सराहना की। स्वतंत्रता दिवस पर मिले इस सम्मान से नगरी अंचल में खुशी का माहौल है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वर्षों से वनांचल में रहकर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले दुर्गेश कुमार साहू अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उनका सम्मान वनांचल में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button