राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए 48 शिक्षक चयनित, छत्तीसगढ़ की सुनीता यादव भी शामिल

रायपुर (प्रखर)। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए केंद्र सरकार ने देशभर से 48 शिक्षकों का चयन किया है। चयनित शिक्षकों की सूची में छत्तीसगढ़ की शिक्षिका सुनीता यादव का नाम भी शामिल है। सुनीता यादव सारंगढ़-बिलाइगढ़ जिले के शासकीय माध्यमिक शाला, खिचड़ी में पदस्थ हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और बेहतर कार्य के लिए उनका चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से उनके विद्यालय के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
5 सितंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चयनित 48 शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना और उनके नवाचार, समर्पण एवं उल्लेखनीय कार्यों को प्रोत्साहित करना है।
छत्तीसगढ़ को मिला गौरव
सुनीता यादव के चयन की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। शासकीय माध्यमिक शाला खिचड़ी में पदस्थ सुनीता यादव के राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयन को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



