महाकाल दर्शन कर लौटे शिवभक्तों का भखारा में आत्मीय स्वागत
देवस्थलों की यात्रा पूर्ण कर नीलकंठ महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक, श्रद्धालुओं ने पुष्पहार पहनाकर किया अभिनंदन
महाकाल दर्शन कर लौटे शिवभक्तों का भखारा में आत्मीय स्वागत
देवस्थलों की यात्रा पूर्ण कर नीलकंठ महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक, श्रद्धालुओं ने पुष्पहार पहनाकर किया अभिनंदन
भखारा। भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और भक्ति से ओतप्रोत कांवरिया श्रद्धालुओं का धार्मिक यात्रा पूर्ण कर भखारा लौटने पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शिवभक्तों ने महादेव घाट से जल लेकर देवबलोदा स्थित शंभू मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद भोजपुर, भोपाल एवं सीहोर होते हुए उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। वहीं श्रद्धालुओं ने ओंकारेश्वर महादेव के पावन धाम पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
धार्मिक यात्रा पूर्ण कर भखारा लौटने के बाद सभी कांवरिया श्रद्धालुओं ने नीलकंठ महादेव मंदिर में पुनः जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस धार्मिक यात्रा में रूपेश दीवान, नारायण कंवर, कामता कंवर, सेवक कंवर, दुष्यंत साहू, दुजराम पटेल, सोमप्रकाश धीवर, संदीप निर्मलकर, नारायण पटेल, बाऊ निषाद, कुलेश्वर निषाद, गिरधर साहू, सतरूहन पटेल, चेतन कंवर, दक्ष साहू, दहू कंवर सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल रहे।
यात्रा से लौटे कांवरिया श्रद्धालुओं का विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, सभापति छबिलाल निर्मलकर सहित मोहल्लेवासियों एवं परिवारजनों ने पुष्पहार पहनाकर और पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने शिवभक्तों की सफल धार्मिक यात्रा पर शुभकामनाएं दीं और भगवान महादेव से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
शिवभक्तों ने कहा कि भगवान महादेव की भक्ति और प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन से मन को आध्यात्मिक शांति के साथ नई ऊर्जा प्राप्त होती है। धार्मिक यात्रा के सफल समापन और भखारा वापसी पर कांवरिया श्रद्धालुओं में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।



