राष्ट्रीय

ब्रिक्स से पहले बढ़ी कूटनीतिक हलचल, भारत आ सकते हैं शी जिनपिंग; सीमा विवाद पर बातचीत की उम्मीद

नई दिल्ली। नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले भारत और चीन के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भारत और चीन के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। हालांकि, उनकी यात्रा को लेकर अभी तक चीन या भारत की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। शी जिनपिंग के साथ करीब 400 अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार, चीनी पक्ष दिल्ली में होटल और सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल को अंतिम रूप देने में जुटा है। यदि यह दौरा होता है तो सात साल बाद शी जिनपिंग की भारत यात्रा होगी।

400 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल आने की संभावना

मामले की जानकारी रखने वाले एक भारतीय सूत्र ने बताया कि चीनी अधिकारी राष्ट्रपति शी की संभावित यात्रा की तैयारियों के तहत होटल और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। हालांकि, यात्रा का अंतिम कार्यक्रम अभी तैयार किया जा रहा है। दो अन्य भारतीय सूत्रों ने भी दावा किया कि शी के साथ करीब 400 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है। यह संख्या वर्ष 2019 में शी की भारत यात्रा के दौरान आए प्रतिनिधिमंडल से काफी अधिक होगी। उस समय उनके साथ 200 से कम अधिकारी भारत आए थे।

ब्रिक्स के मंच पर सीमा विवाद पर चर्चा की उम्मीद

सूत्रों के मुताबिक, ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भारत और चीन के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। दोनों देश आपसी सहयोग बढ़ाने और संबंधों को बेहतर बनाने के रास्तों पर भी चर्चा कर सकते हैं। हालांकि, शी जिनपिंग की यात्रा अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं हुई है। इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी संभावित द्विपक्षीय बैठक को लेकर भी एजेंडा स्पष्ट नहीं है। यदि दोनों नेताओं की मुलाकात होती है तो सीमा विवाद समेत कई अहम द्विपक्षीय मुद्दे बातचीत के केंद्र में रह सकते हैं।

चीन ने कहा- ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी में भारत का समर्थन

शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा को लेकर सवाल पूछे जाने पर चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि बीजिंग ब्रिक्स सहयोग को काफी महत्व देता है और इसमें सक्रिय रूप से भाग लेता है। चीन ने इस वर्ष ब्रिक्स सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए अध्यक्ष देश भारत को समर्थन देने की बात भी कही। हालांकि, चीनी विदेश मंत्रालय ने शी जिनपिंग की भारत यात्रा की पुष्टि नहीं की। मंत्रालय का कहना है कि फिलहाल राष्ट्रपति की यात्रा के संबंध में साझा करने के लिए कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button