एनएच-130 सी पर भीषण सड़क हादसा, जिला पंचायत अध्यक्ष बाल-बाल बचे

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। उनकी इनोवा कार को सामने से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, गौरी शंकर कश्यप अपनी इनोवा कार से निजी निवास से राजधानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजापड़ाव के पहले हाईवे के एक मोड़ पर गरियाबंद की ओर से आ रही पिकअप सामने से उनकी कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया।
40 किलोमीटर का हिस्सा हादसों के लिहाज से संवेदनशील
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नेशनल हाईवे-130 सी पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का मार्ग बारिश के मौसम में हादसों के लिहाज से बेहद संवेदनशील हो जाता है। अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं होने के कारण कई स्थानों पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। करीब एक महीने पहले भी इसी हाईवे पर हुए सड़क हादसे में देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद एनएच-130 सी की सड़क सुरक्षा, चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मार्ग की स्थिति में सुधार और हादसों की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।


