कानपुर में ट्रेनी एयरक्राफ्ट खेत में क्रैश, दोनों पायलट की मौत

कानपुर। कानपुर के कटरी क्षेत्र स्थित नत्थूपुरवा गांव में गुरुवार दोपहर एक ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक खेत में जा गिरा। हादसे में विमान उड़ा रहे दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान अचानक आसमान से नीचे आया और खेत में जा गिरा। विमान के जमीन से टकराते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
विमान क्रैश की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने विमान में फंसे पायलटों को बाहर निकाला। एक पायलट को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य वजह से विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते पुलिस ने क्षेत्र में व्यवस्था संभाली। दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे को भी सुरक्षित किया जा रहा है, ताकि जांच में हादसे की वजह का पता लगाया जा सके।



