सीमेंट संयंत्रों को मुनाफा देने वाली सड़क का हाल बेहाल, ओवरलोड वाहनों ने उड़ाई PWD के पेचवर्क की धज्जियां
बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग पर फिर उभरे जानलेवा गड्ढे, राहगीरों की जान जोखिम में

सीमेंट संयंत्रों को मुनाफा देने वाली सड़क का हाल बेहाल, ओवरलोड वाहनों ने उड़ाई PWD के पेचवर्क की धज्जियां
बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग पर फिर उभरे जानलेवा गड्ढे, राहगीरों की जान जोखिम में
बलौदाबाजार से ब्यूरो प्रमुख राजेश्वर गिरी की रिपोर्ट
बलौदाबाजार- सीमेंट संयंत्रों को करोड़ों रुपये का कारोबार और मुनाफा देने वाला बलौदाबाजार-सुहेला मुख्य मार्ग इन दिनों खुद बदहाली का शिकार है। बलौदाबाजार से रिसदा, हथबंद और सुहेला को जोड़ने वाली सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी के साथ हादसों का बड़ा कारण बन रहे हैं।
चौबीसों घंटे दौड़ रहे भारी वाहन
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के अनुसार इस मार्ग पर सीमेंट संयंत्रों से जुड़े भारी ट्रकों और डंपरों की लगातार आवाजाही रहती है। ओवरलोड वाहनों के दबाव के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर डामर उखड़ने के साथ सड़क धंस गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं।
कुछ दिन पहले हुआ पेचवर्क भी बेअसर
सड़क की स्थिति सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कुछ दिन पहले ही पेचवर्क कराया गया था। लेकिन भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और ओवरलोडिंग के चलते मरम्मत का काम ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सका। कई स्थानों पर पेचवर्क उखड़ चुका है और दोबारा गड्ढे दिखाई देने लगे हैं। ऐसे में अब सड़क पर फिर से तत्काल पेचवर्क कराने की जरूरत महसूस हो रही है।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए बढ़ा खतरा
गहरे गड्ढों के कारण इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। वहीं भारी वाहनों के गुजरने से उड़ती धूल भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्थायी समाधान के साथ तत्काल मरम्मत की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर दोबारा पेचवर्क कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क का स्थायी निर्माण होने में समय लग सकता है, लेकिन तब तक जानलेवा गड्ढों को भरना बेहद जरूरी है।
वहीं क्षेत्रवासियों ने सीमेंट संयंत्र प्रबंधन से भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सड़क के स्थायी सुधार में सहयोग करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिन सड़कों के माध्यम से संयंत्रों का कारोबार संचालित होता है, उनके रखरखाव और सुरक्षा को लेकर संबंधित उद्योगों को भी गंभीरता दिखानी चाहिए।
बलौदाबाजार से ब्यूरो प्रमुख राजेश्वर गिरी की रिपोर्ट।



