मणिपुर में एनआरसी को लेकर मशाल जुलूस के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव, भीड़ को रोकने आंसू गैस के गोले छोड़े

काकचिंग। मणिपुर के काकचिंग जिले में रविवार रात राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर को अपडेट करने की मांग को लेकर निकाला गया मशाल जुलूस उस वक्त हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना में कुछ प्रदर्शनकारियों के मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, वाबागाई, हियांगलाम और आसपास के इलाकों के सैकड़ों ग्रामीणों ने रविवार रात करीब तीन किलोमीटर लंबा मशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी इस दौरान नो एनआरसी, नो सेंसस के नारे लगा रहे थे।
जनगणना से पहले एनआरसी अपडेट करने की मांग
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि राज्य में जनगणना की प्रक्रिया शुरू करने से पहले एनआरसी को अपडेट किया जाए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के पुनर्वास से पहले जनगणना कराने का भी विरोध किया। प्रदर्शनकारी मशाल लेकर काकचिंग जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, जब जुलूस कीराक बांध इलाके के पास पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें आगे बढऩे से रोक दिया।
पुलिस के रोकने पर बिगड़ा माहौल
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से वापस लौटने की अपील की। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों के मुताबिक, झड़प के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।



