छत्तीसगढ़

आईजीकेवी की रद्द परीक्षाएं 7 से, अब ई-मेल से भेजे जाएंगे प्रश्नपत्र

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में लगातार प्रश्नपत्र लीक होने के बाद अब परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पेपर लीक के चलते स्थगित की गई तीन विषयों की परीक्षाएं अब 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया में बदलाव करने का फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत कॉलेजों को प्रश्नपत्र पहले की तरह पैकेट के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। अब विश्वविद्यालय प्रशासन पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल के जरिए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएगा। प्रश्नपत्र वाली ई-मेल कॉलेजों को भेज दी जाएगी, लेकिन उसे खोलने के लिए आवश्यक पासवर्ड परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही उपलब्ध कराया जाएगा। पासवर्ड के बिना ई-मेल में मौजूद प्रश्नपत्र को खोला नहीं जा सकेगा।

कमेटी की मौजूदगी में खुलेगा पेपर
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया कमेटी की मौजूदगी में कराई जाएगी। इस दौरान वीडियोग्राफी भी की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड में रहे। परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र खोलने से लेकर वितरण तक की प्रक्रिया की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था से प्रश्नपत्रों की सुरक्षा बढ़ेगी और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button