रायपुर में फिर चाकूबाजी: पत्नी के प्रेमी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब गुढिय़ारी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। यहां एक आरोपी ने अपनी पत्नी के प्रेमी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सेवाराम साहू ने उमेन्द्र वर्मा पर चाकू से हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उमेन्द्र के सिर पर चाकू से कई वार किए। घटना में घायल उमेन्द्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद गुढिय़ारी पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी सेवाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे पत्नी के प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



