शेयर बाजार कमजोर : सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में, आईटी शेयरों में भारी गिरावट

मुंबई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत मामूली गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में नजर आए। खास तौर पर दिग्गज आईटी कंपनियों के शेयरों में दबाव देखने को मिला। इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयर गिरावट के साथ खुले। बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 69.38 अंक यानी 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 76,446.05 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स 14.55 अंक यानी 0.06 फीसदी टूटकर 23,883.15 के स्तर पर खुला। इससे पहले पिछले सप्ताह भी घरेलू शेयर बाजार में दबाव देखने को मिला था। हालांकि, शुक्रवार को आखिरी कारोबारी सत्र में बाजार ने बढ़त के साथ कारोबार बंद किया था।
कई कंपनियां लाल निशान में
सोमवार के शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 की 50 कंपनियों में से 35 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। वहीं 13 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 2 शेयर बिना किसी बदलाव के खुले। सेंसेक्स की बात करें तो 30 कंपनियों में से 20 शेयर गिरावट के साथ खुले, जबकि केवल 10 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली। बाजार की शुरुआती कमजोरी में आईटी सेक्टर के शेयरों का प्रदर्शन खास तौर पर कमजोर रहा। इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा और टीसीएस जैसी प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ खुले। इन्फोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला और शुरुआती कारोबार में यह करीब 2.27 फीसदी की गिरावट के साथ खुला।



