गुरुग्राम हिट एंड रन केस : महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

गुरुग्राम हिट एंड रन केस : महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारकर फरार हुए आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने राजस्थान के दौसा स्थित राजगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच की तीन टीमें छापेमारी कर रही थीं। पुलिस ने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस भी जोड़ दी है।
घटना रविवार की है। सिया अन्य बाइकर्स के साथ अप्रिलिया आरएस 457 चला रही थीं। आरोप है कि एक कार उनका पीछा कर रही थी और बाद में कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई और चालक मौके से फरार हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने सोमवार को एफआईआर दर्ज की थी।
आरोपी ने गलती मानी, जानबूझकर टक्कर से इनकार
आरोपी कल्याण बैंसला ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए जानबूझकर टक्कर मारने से इनकार किया था। उसका दावा था कि यू-टर्न के पास कार पर नियंत्रण खो गया था और बाइकर्स से डर के कारण वह मौके से चला गया। वहीं, सिया ने आरोप लगाया है कि कार चालक ने उनका पीछा किया और जानबूझकर बाइक को टक्कर मारी। उन्होंने कहा कि घटना कैमरे में रिकॉर्ड है और टक्कर के बाद आरोपी का मौके से भागना मामले को और गंभीर बनाता है।



