आयुष्मान भारत के सफल 8 साल: 60 करोड़ नागरिकों को मिला ?5 लाख का स्वास्थ्य कवच, पीएम मोदी ने बताया दुनिया की सबसे बड़ी योजना

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना ‘आयुष्मान भारत’ ने अपने सफर के सफल आठ साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और योजना के सभी लाभार्थियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना ने देश के 60 करोड़ से अधिक लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य कवरेज प्रदान किया है, जो इसे पूरे विश्व की सबसे बड़ी हेल्थकेयर स्कीम बनाता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा कि आठ साल पहले आयुष्मान भारत की शुरुआत इस दूरदर्शी सोच के साथ की गई थी कि देश के हर नागरिक को बेहतरीन, आधुनिक और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। आज यह योजना अपने मकसद में पूरी तरह कामयाब सिद्ध हो रही है। इस योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के भारी-भरकम खर्च से मुक्ति मिली है, जिससे गरीबों और मध्यम वर्ग की जेब पर पडऩे वाले बोझ में रिकॉर्ड बचत मुमकिन हो सकी है।
प्रधानमंत्री ने आगे रेखांकित किया कि आयुष्मान भारत योजना केवल बड़े अस्पतालों में इलाज तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसने स्वास्थ्य सुविधाओं को देश के हर घर के करीब पहुंचाने का काम किया है। जमीनी स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूती देने के लिए स्थापित किए गए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ में अब तक 500 करोड़ से भी अधिक लोगों की उपस्थिति (विजिट) दर्ज की जा चुकी है। इसने देश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य ढांचे को एक नया जीवन दिया है। इलाज की इस सुगम व्यवस्था ने न केवल असमय होने वाले आर्थिक संकट से परिवारों को बचाया है, बल्कि देशवासियों को एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का भरोसा भी दिया है।
जेपी नड्डा ने बधाई देते हुए क्या बोले?
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 साल पहले ‘सेवा का संकल्प’ लिया था, जिसने लाखों लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बदल दिया है। आज ‘आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई’ जो दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है। देश भर में आधा अरब से ज्यादा लोगों को कवर करती है।
60 करोड़ से ज्यादा लोगों को कवर करने, 48.54 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाने और 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के इलाज का लाभ उठाने के साथ, यह योजना पूरे भारत में परिवारों के लिए अच्छी क्वालिटी की हेल्थकेयर और आर्थिक सुरक्षा के वादे को हकीकत में बदल रही है। देश भर में 39,000 से ज्यादा सूचीबद्ध सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के जरिए 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का हॉस्पिटलाइजेशन और इलाज का लाभ उठाया गया है।
उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने क्या कहा?
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों परिवारों के लिए बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाया है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह योजना इलाज के खर्च की चिंता कम कर, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का संबल बनी है।’



