इंडिया ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च आज, दिल्ली में सुरक्षा सख्त; 6 मेट्रो स्टेशन शाम 4 बजे तक बंद

नई दिल्ली। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान कर चुके हैं। प्रस्तावित मार्च को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक के रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके के छह मेट्रो स्टेशन शाम चार बजे तक बंद रखे गए हैं।
संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक बैरिकेडिंग
इंडिया ब्लॉक के नेताओं और कार्यकर्ताओं के मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है। संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख सड़कों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशन बंद
सुरक्षा कारणों से सुबह छह बजे से नई दिल्ली क्षेत्र के छह मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं। इनमें राजीव चौक, बाराखंबा रोड, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ और मंडी हाउस शामिल हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, इन स्टेशनों पर शाम चार बजे तक यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, मेट्रो ट्रेनें इन स्टेशनों से होकर गुजरेंगी और यात्री इंटरचेंज भी कर सकेंगे। लेकिन इन स्टेशनों पर न तो यात्री प्रवेश कर पाएंगे और न ही बाहर निकल सकेंगे।
सीजेआई ने मिलने से किया इनकार, कहा- सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले
इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने मुलाकात करने में असमर्थता जताई।
सीजेआई ने कहा कि उन्हें विपक्षी नेता की ओर से मुलाकात के अनुरोध से जुड़ा पत्र मिला था, जिसका जवाब उन्होंने उसी रात दे दिया था। उन्होंने मुलाकात नहीं कर पाने के कारण भी बताए।
जस्टिस सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आम नागरिक या निर्वाचित निकाय के सदस्य की याचिका का स्वागत है। हर भारतीय नागरिक को अदालत जाने का अधिकार है और कोर्ट उनकी चिंताओं पर सुनवाई कर कानून के मुताबिक उचित निर्णय देगा।
विपक्षी गठबंधन के मार्च और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजधानी के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं और ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।



