राष्ट्रीय

नूडल्स खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, पति-पत्नी समेत तीन बच्चों की गई जान, फूड पॉइजनिंग की आशंका

पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में शनिवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इलाके में हडक़ंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसके बाद पांचों की मौत हो गई। घटना के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, शनिवार सुबह थाना रबूपुरा पुलिस को सूचना मिली कि नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एंबुलेंस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी बुलाया गया।

पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौत

मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। सभी नगला श्री पदम गांव के निवासी थे। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पांचों शवों का पंचनामा भरने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आसपास के लोगों और मृतक महेश की मां ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। हालांकि, केवल नूडल्स खाने और उसके बाद हुई मौतों के आधार पर किसी निश्चित निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौतों के पीछे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फोरेंसिक और खाद्य सुरक्षा टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और खाद्य पदार्थों से संबंधित साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इन रिपोर्टों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसका संबंध किसी दूषित खाद्य पदार्थ से था।

Author Desk

Related Articles

Back to top button