रामलला के प्राण प्रतिष्ठा पर माता सीता के मायके से अयोध्या भेजी जाएगी वस्तुएं

सीतामढ़ी। अयोध्या के राम मंदिर में अगले महीने जनवरी में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर हैं। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा पर भगवान राम के ससुराल यानी माता सीता के मायके से कुछ जरुरी वस्तुएं भी अयोध्या भेजी जाएंगी। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। दरअसल, मिथिला की पुरानी परंपरा है कि जब बेटी का गृहप्रवेश होता है तो मायके से फल, पकवान, वस्त्र आभूषण समेत कई जरूरत की सामग्री भेजी जाती है।
पिछले सत्तर साल से टेंट में अयोध्या में रामलला विराजमान थे। अब भगवान राम घर जायेंगे तो लोगों में खुशी है। यह खुशी भारत के अलावा माता सीता के मायके में भी है। नेपाल का जनकपुर माता सीता का मायका है। नए गृह प्रवेश को लेकर जनकपुर वासी खासे उत्साहित हैं और अपनी बहन बेटी के लिए कीमती से कीमती सामान नेपाल के जनकपुर से भेजने की तैयारी कर रहे हैं। जनकपुर से 3 जनवरी को अयोध्या के लिए ये सामान रवाना किए जाएंगे।



