चाकू बाजी मे एक युवक की मौत एक गंभीर रूप से घायल

धमतरी(प्रखर) 48 घंटे के भीतर कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत 3 किलोमीटर के दायरे में दो हत्या होने से धमतरी सहम गया है। पहले हत्या का खुलासा हुआ ही था कि धमतरी में सरे राह दूसरी हत्या हो गई। रात भर पुलिस अधिकारी आरोपियों को खोजने में जुटे रहे। इस दौरान लोग आक्रोशित भी हो गए थे। गनीमत रही कि भीड़ बेकाबू नहीं हुई।फिलहाल मृतक का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया। वहीं दूसरे घायल का इलाज चल रहा है।
शनिवार को भीड़ भाड़ वाले इलाके में बदमाशों ने दो लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों के हमले में एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।जिसका इलाज dch अस्पताल में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गौरा गौरी विसर्जन के दौरान विवाद हुआ जिसके बाद बदमाशों ने दो लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।मृतक युवराज नाग 18 वर्ष पिता जितेंद्र नाग और घायल नीरज ढीमर 16 वर्ष सुभाष नगर वार्ड निवासी हैं।घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जिला अस्पताल में जमा हो गए।स्थानीय लोगों ने घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
पीडी नाला के पास की घटना बताया जा रहा है की घटना शनिवार रात लगभग 10:30 बजे की है गौरा गौरी विसर्जन के दौरान विवाद के पास यह स्थिति बनी थी। बदमाशों ने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। सूचना मिलते ही महापौर विजय देवांगन भी पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। रात को पुलिस अधीक्षक स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे थे। सभी चौक चौराहों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था निगम कर्मचारियों के अलावा राजस्व विभाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगा दी गई थी। फिलहाल इस घटना के बाद लोग सहम गए हैं। इसका एक बड़ा कारण नशा को भी बताया जा रहा है।
ज्ञात हो कि 48 घंटे में 3 किलोमीटर के दायरे में दो हत्या हुई है। पहली घटना 31 अक्टूबर की रात की मुजगहन में हुई है। जहां पर सरपंच पुत्र सहित दो लोगों ने कलेक्टर बंगला के कुक अमित गोस्वामी को मौत के घाट उतार कर तालाब में फेंक दिया था। 24 घंटा में खुलासा होते ही यह दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हो गई। लोग इसकी तुलना अब रायपुर से करने लगे हैं। रायपुर में 72 घंटे में लगभग 8 लोगों की हत्या हुई है। शहर के प्रबुद्ध जनों ने पुलिस से नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अमन चैन शांति की अपील की है।