रुद्रेश्वर घाट पर छठ महापर्व की पूजा-अर्चना में शामिल हुए पंडित राजेश शर्मा, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

रुद्रेश्वर घाट पर छठ महापर्व की पूजा-अर्चना में शामिल हुए पंडित राजेश शर्मा, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
धमतरी। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थाई आमंत्रित सदस्य एवं धर्मप्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा रुद्रेश्वर घाट में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। साथ ही व्रतधारी माताओं-बहनों एवं समस्त श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं मंगल शुभकामनाएं प्रेषित कीं

छठ महापर्व भारतीय संस्कृति का प्राचीन एवं महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना को समर्पित है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। व्रती महिलाएं एवं पुरुष पूरी श्रद्धा, निष्ठा और कठिन नियमों का पालन करते हुए व्रत रखते हैं। इस दौरान अस्त होते सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा उदय होते सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया जाता है.

छठ पूजा में बांस के सूप, फल, ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद के माध्यम से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है। इस पर्व का विशेष महत्व प्रकृति और जीवन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना है। यह त्याग, तपस्या, पवित्रता, अनुशासन, पारिवारिक सुख-समृद्धि और सामाजिक एकता का संदेश देता है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ में भी यह पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जाता है

पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखने की मंगलकामना की




